आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर सुइथाकला। चिलबिली गांव में मंगलवार देर रात एक युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी तब हुई जब मृतक की मां भोजन लेकर कमरे में पहुंचीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की।
गांव निवासी राम सेवक (28) का पत्नी शशिप्रभा से काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते पत्नी मायके गयी हुई थी। मंगलवार को भी दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी। इसके बाद राम सेवक अपने कमरे में चला गया। देर रात तक बाहर न निकलने पर उसकी मां रमरत्ती देवी भोजन लेकर कमरे में गईं, जहां अंदर का दृश्य देख उसकी चीख निकल गई।
कच्चे मकान के कमरे में लगी बल्ली से दुपट्टे के सहारे राम सेवक का शव लटका हुआ था। शोर सुनकर परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। मृतक के दो पुत्र उत्कर्ष (7) और अभी (4) हैं। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था, जबकि अन्य भाई अलग-अलग रहते हैं। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।