संतोष,देवल ब्यूरो,आजमगढ़। बुढ़नपुर तहसील क्षेत्र के हिसामुद्दीनपुर मिश्रौलिया गांव स्थित पंडित जीवनाथ मिश्र ब्रह्म बाबा के स्थान पर शाकद्विपीय ब्राह्मण समाज एवं उनके वंशजों द्वारा अखण्ड रामायण एवं श्रीराम चरित मानस का पाठ प्रारंभ हुआ। यह पाठ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में विधि-विधान के साथ आरंभ किया गया।
गांव के धार्मिक स्थल पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण राममय हो उठा। महिलाएं एवं पुरुष श्रद्धालु एकाग्र भाव से राम कथा का श्रवण कर रहे हैं। आयोजन में क्षेत्रीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इस अवसर पर धार्मिक उत्साह देखने को मिला।
आयोजकों ने बताया कि बुधवार को अखण्ड रामायण पाठ के समापन उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। भंडारे की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन गांव में सामाजिक एकता, सद्भाव और आस्था को और मजबूत करते हैं।
