संतोष,देवल ब्यूरो,बुढ़नपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत की घोषणा होते ही बुढ़नपुर का भाजपा कार्यालय उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा। सुबह से ही बड़े पर्दे पर चुनाव परिणाम देख रहे कार्यकर्ताओं के बीच जैसे ही अंतिम रुझान भाजपा के पक्ष में आए, कार्यालय में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े, ढोल-नगाड़ों पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत का जश्न मनाया।इस दौरान ब्लाक प्रमुख कोयलसा संतोष यादव और भाजपा कोयलसा मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रकाश शर्मा ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और सभी कार्यकर्ताओं को विजय की बधाई दी। दोनों नेताओं ने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, भाजपा संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम पर अपना विश्वास जताया है। यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के प्रति जनता की आस्था का परिणाम है।
नेताओं ने यह भी कहा कि इस जीत से कार्यकर्ताओं में जबरदस्त ऊर्जा का संचार हुआ है और आने वाले दिनों में संगठन व जनसेवा के कार्य और तेज गति से चलेंगे।कार्यक्रम में भाजपा नेता संतोष शर्मा,दुर्गा यादव, विपुल प्रतीक कुमार शुक्ला, प्रकाश, मनोज सिंह, श्रीकांत सैनी, शब्बीर कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे परिसर में ‘भाजपा ज़िंदाबाद’, ‘मोदी है तो मुमकिन है’, ‘डबल इंजन सरकार आगे बढ़ेगी’ जैसे नारों की गूंज देर शाम तक सुनाई देती रही।
जश्न का यह माहौल रात तक जारी रहा, जहां कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय गीत गाए और बिहार की इस प्रचंड सफलता को लोकसभा चुनाव की मजबूत नींव करार दिया।
