देवल संवाददाता, मऊ। शिक्षा क्षेत्र परदहां के सरवा में स्थित विद्यापीठ पब्लिक स्कुल में शुक्रवार को नेहरू जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ-साथ विभिन्न खेल प्रयोगिताओं में भी प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के करतल ध्वनि से विद्यालय प्रांगण गुंजायमान रहा।कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए विद्यालय की प्रबंधक डा. सीता राय ने कहा कि आज देश धूमधाम से चाचा नेहरू की 136वीं जयंती धूमधाम से मना रहा है। स्वतंत्र भारत में देश को आईआईएम एवं आईआईटी जैसे उच्च शिक्षाओं की परिकल्पना के लिए सदैव उन्हें याद किया जायेगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य बैजनाथ यादव ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सञ्चालन करते हुए कहा कि चाचा नेहरू को आधुनिक भारत के निर्माण के लिए किये गए प्रयास को कभी भुला नहीं जा सकता। विद्यालय की कोआर्डिनेटर संध्या सिंह ने बच्चों के कार्यक्रम की उन्मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि चाचा नेहरू के सपनो को साकार करने के लिए आप सभी उनके बताये मार्ग पर चलें। जयंती समारोह में खो-खो,कबड्डी,क्रिकेट समेत अन्य खेल प्रतियोगिताएं हुईं। इस दौरान विद्यालय के संस्थापक गोपाल तिवारी,नवीन सिंह,निष्ठा सिंह,हनी मिश्रा,मोहित तिवारी,अफाक आदि रहे।
