देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय कस्बा स्थित मून स्टार इंग्लिश स्कूल में बाल दिवस का आयोजन इस वर्ष अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण रहा। पूरे विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, आकर्षक पोस्टर्स, कागजी सजावट और बच्चों की पसंदीदा कार्टून थीम से सजाया गया था। विद्यालय में प्रवेश करते ही खुशियों, उल्लास और मासूमियत की झलक हर ओर दिखाई दे रही थी। समारोह की शुरुआत नर्सरी कक्षा के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने की। नर्सरी के बच्चों ने प्रधानाचार्या रूपा मिश्रा के साथ मिलकर फीता काटकर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। छोटे-छोटे बच्चों को इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया का हिस्सा बनते देख पूरा माहौल तालियों से गूंज उठा। इसके बाद दीप प्रज्वलन किया गया और मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की गई। बाल दिवस के इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने विशेष असेंबली का आयोजन किया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। शिक्षकों ने बच्चों के लिए मजेदार अभिनय, प्रेरक कहानियां, कविताएं और गीत प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपने शिक्षकों का यह नया रूप देखकर खुशी से तालियां बजाईं और पूरे समय उत्साहित रहे। फूड स्टॉल का भी आयोजन किया गया। शिक्षकों ने अपने हाथों से अलग-अलग व्यंजन तैयार किए थे, जिसे बच्चों ने बड़े चाव और उत्साह से चखा। स्वादिष्ट पकवानों के साथ बच्चों की हंसी-खुशी ने पूरे समारोह में एक आनंदमय माहौल बनाया। प्रधानाचार्या रूपा मिश्रा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल दिवस बच्चों की मासूमियत, उनके सपनों और उनके उज्जवल भविष्य को समर्पित दिन है। उन्होंने बच्चों को प्यार, आशीर्वाद व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चा अनमोल है। दिनभर चलने वाले इस कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफ प्रियंका सिंह, दीपक राय, मुरलीमनोहर यादव, अविनाश, समाजसेवी एवं शिक्षक आशीष गुप्ता, रोहित, साक्षी राय, रीता. आराधना, तन्वी, निधि, साधना, रविंद्र प्रजापति, सुनीता, अदिति, जया, नौशाद, अभय, तुषार, एकता, पूजा, वंदना आदि मौजूद रहीं।
