देवल संवाददाता, बलिया। भीमपुरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत आरीपुर सरया स्थित हनुमान गढ़ी के प्रांगण में आयोजित नव दिवसीय श्रीविष्णु महायज्ञ एवं श्रीराम कथा के लिए शुक्रवार को कलश शोभा यात्रा निकाली गई। भाजपा नेता भरत भैया के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
यह कलश यात्रा हनुमान गढ़ी के पोखरा से शुरू हुई और खानपुर, करौदी, कसेसर, सिकंदरापुर, अहिरौली होते हुए वापस पोखरे पर पहुंची। यहां यज्ञाचार्य राघवेंद्र दास के मार्गदर्शन में वैदिक विधि-विधानों से उपचारित गंगा जल कलशों में भरा गया।
इसके बाद, कलश यात्रा यज्ञ स्थल पर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलशों की स्थापना की गई।
शोभायात्रा में पीले रंग की साड़ी पहने महिलाओं के साथ बच्चे, बुजुर्ग और युवा भी बड़ी संख्या में शामिल थे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बन गया।
इस आयोजन में समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह, सोनू सिंह, गोरखनाथ शर्मा, आशुतोष सिंह, शंभू शरण सिंह, कृष्ण मोहन सिंह, रोमित सिंह, अरविंद सिंह और रमेश सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
