देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले में यातायात माह-नवम्बर का शुभारंभ शनिवार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा यातायात नियमों के पालन तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की शपथ ली गई। वही अभियान के दूसरे दिन हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को यह संदेश देना है कि जीवन अमूल्य है, व्यर्थ न गवाएं। आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।
इस अवसर पर जनपद के सभी थानों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर यातायात जागरूकता रैली, शपथ कार्यक्रम, हस्ताक्षर अभियान एवं रोड सेफ्टी कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को अग्रसेन चौक सहित जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों, कार्यालयों एवं प्रमुख स्थलों पर पहल दस्तखत अभियान के अंतर्गत आमजन, विद्यालयी छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों द्वारा हस्ताक्षर कराकर यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक चेतना एवं जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा ट्रैफिक सिग्नल और यातायात चिन्हों का पालन करने जैसे मुख्य संदेशों पर बल दिया गया।
