देवल संवाददाता, आजमगढ़। तकनीक और तत्परता के संगम से पुलिस ने एक बार फिर विश्वास जीता है। जिले में गुमशुदा मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने अब तक कुल 2445 एंड्रॉयड मोबाइल फोन कीमत लगभग 6 करोड़ 11 लाख रुपये बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए हैं। अकेले अक्टूबर में ही 177 मोबाइल फोन जिसकी कीमत लगभग 44 लाख रुपये वापस किए गए।
आजमगढ़ पुलिस द्वारा फरवरी 2024 से गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मोबाइल धारक सीआईआईआर (CEIR) पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हैं, जिसके आधार पर सीसीटीएनएस प्रभारी आजमगढ़ की टीम लगातार मोबाइल ट्रैकिंग व बरामदगी में जुटी रहती है।
पुलिस के इस अभियान के तहत फरवरी 2024 से सितंबर 2025 के बीच कुल 2268 मोबाइल फोन कीमत लगभग 5 करोड़ 67 लाख रुपये बरामद कर स्वामियों को सौंपे गए।
इसके क्रम में अक्टूबर 2025 में पुलिस ने 177 मोबाइल फोन कीमत लगभग 44 लाख रुपये बरामद कर रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में रविवार को उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया।
अपर पुलिस अधीक्षक चिराग जैन ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य सिर्फ अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं बल्कि आमजन की परेशानियों का समाधान करना भी है। मोबाइल बरामदगी अभियान में सफलता से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत हुआ है।
