कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में मिशन शक्ति फेस 5.0 के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नारी सशक्तिकरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना रहा। इस क्रम में ज्ञान स्मारक महिला महाविद्यालय अलमापुर अमरतल हजपुरा एवं हुबराज जायसवाल डिग्री कॉलेज बरियावन सहित कई शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, महिला सुरक्षा संबंधी योजनाओं एवं शासन की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी दी गई। छात्राओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और चरित्र निर्माण में अपने योगदान के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान के तहत उपलब्ध प्रमुख हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई — 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 108 (एंबुलेंस सेवा), 181 (महिला परामर्श हेल्पलाइन), 102 (जननी एंबुलेंस सेवा) आदि। साथ ही छात्राओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, वन स्टॉप सेंटर, महिला शक्ति केंद्र, एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान जैसी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें, किसी भी प्रकार की समस्या या असुरक्षा की स्थिति में इन हेल्पलाइन सेवाओं का तत्काल प्रयोग करें और समाज में अन्य महिलाओं व बालिकाओं को भी जागरूक करें। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक, प्राचार्य, शिक्षिकाएं एवं छात्राओं ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।