देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान पूरे प्रदेश में जोर शोर से चल रहा है। जिला व शहर कार्यकारिणी के गठन से इस अभियान का पहला चरण पूर्ण हो चुका है। जनपद में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा हैं, जहां एक ही मंच पर जिला व शहर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों को शपथ दिलाया जाएगा। नेता सोनिया गांधी के मार्गदर्शन व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे के कुशल नेतृत्व में जननायक राहुल गांधी के समाजिक न्याय के सिद्धांतों को समाहित करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा के उतर प्रदेश में संगठन सृजन के स्वप्न को पूर्ण करते हुए हम एक सशक्त संगठन का निर्माण करेंगे।
यह बातें शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड़ ने कही। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों को उनके कार्य और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के लिए शपथ दिलाकर यह संकल्प दिलाया जाएगा कि आज भाजपा शासनकाल में जिस तरीके से समाज में नफरत फैलाई जा रही है। संविधान को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है, ऐसे दौर में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और गांधीवादी सिद्धांतों को अपनाकर ही हम लड़ेगे। जिले में आयोजित इस शपथ ग्रहण समारोह में जिले और शहर के पदाधिकारियों को एक साथ एक मंच पर शपथ दिलाई जाएगी। इस कार्यक्रम में हम जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित करेंगे, उनके मार्गदर्शन में कार्य करेंगे और उनके अनुभवों का लाभ लेते हुए जमीन पर एक सशक्त संगठन का निर्माण करेंगे। कांग्रेस के सभी फ्रंटल, विभाग, एवं प्रकोष्ठों को आमंत्रित किया जाएगा एवं उनके जिम्मेदारियों से अवगत कराया जाएगा। कहा कि हम संकल्पित है कि आगामी 15 अगस्त तक हम बूथ स्तर तक कमेटियां गठित कर मजबूत और जमीनी संगठन का निर्माण करेंगे। आने वाले
पंचायत चुनाव में हम पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे और बेहतर प्रदर्शन करेंगे। मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद, कांग्रेस प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा मौजूद रहे।