देवल संवाददाता, रवि प्रताप मधुबन। थाना क्षेत्र के बनकटा में एक 48 वर्षीय व्यक्ति की कर्रेंट की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। घटना शुक्रवार देर शाम की है। बताया जा रहा है कि प्रभन्स सोनकर पुत्र जंगली सोनकर के घर के हैंडपंप में कर्रेंट उतर गया था। पानी चलाने गए वह उसकी चपेट में आ गए। घटना के समय घर में केवल उनकी पत्नी निर्मला देवी ही थीं। पति को हैंडपंप से चिपका देख जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।घटना से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार की सुबह मृतक के दरवाजे पर लोगों की बड़ी भीड़ जूट गई। पत्नी निर्मला देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।आसपास की महिलाएं उन्हें दिलासा देने में लगी हुई हैं। मृतक के बच्चे नहीं हैं। वह घर में अकेला पत्नी के साथ रहता था और मजदूरी कर जीविका चलाता था। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है।]