देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी बीएन सिंह व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों, कांट्रैक्टरों व विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक किया। इस दौरान डीएम ने निर्धारित रोस्टर के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का फरमान जारी किया। चेतावनी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बरतने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विद्युत विभाग के अधिकारी ने डीएम के संज्ञान में लाया कि 21 से 27 मई तक विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सांकेतिक हड़ताड़ संभावित है, जिस पर डीएम ने अधिकारियों एवं कांट्रैक्टरों को निर्देशित करते हुए कहा कि सांकेतिक हड़ताल के दौरान विद्युत आपूर्ति निर्धारित समय के अनुरूप सुनिश्चित करायी जाए, जिससे किसी प्रकार की विपरीत समस्या उत्पन्न न होने पाए। इसके लिए कांट्रैक्टर व अधिकारी सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर लें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सांकेतिक हड़ताल के दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय समस्या उत्पन्न न होने पाए, इसके लिए संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर लें। इस मौके पर एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, अधिशासी अभियन्ता विद्युत अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।