देवल संवाददाता, लखनऊ। लोहड़ी पर सोमवार को राजधानी में उल्लास छाया रहा। सिख और सिंधी समुदाय से जुड़े लोगों ने घर, पार्क और सार्वजनिक स्थानों पर आग जलाई और गिद्दा किया। पारंपरिक पहनावे, ढोल और नाच-गाने के साथ नवविवाहिता जोड़ों ने पर्व की खुशियां और बढ़ा दीं।
गुरुद्वारा नाका हिंडोला के पीछे सोमवार शाम होते ही लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। यहां लोहड़ी मनाने की सुबह से तैयारियां की जा रही थीं। शाम को जैसे ही आग जलाई गई, लो खुशी से झूम उठे। गुरुनानक गर्ल्स कॉलेज में दोपहर में लोहड़ी मनाई गई। छात्राओं ने विशेष पहनावे में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी। शिक्षक और छात्राओं ने एक-दूसरे को बधाई दीं। जिमखाना में अन्य जगहों की अपेक्षा खुशियां मनाने वालों की संख्या ज्यादा रही। यहां शाम चार बजे से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था।
पार्कों सहित करीब 75 सार्वजनिक स्थानों पर मनाई गई लोहड़ी
नवविवाहिता और बच्चे के जन्म की खुशी में सिख, सिंधी समाज के लोेगों ने अपने-अपने घरों में लोहड़ी मनाई। राजधानी के गुरुद्वारे, गुरुनानक गर्ल्स कॉलेज, जिमखाना, समर विहार कॉलोनी, पार्कों और मुख्य सार्वजनिक स्थानों सहित करीब 75 जगहों पर लोहड़ी की खुशियां मनाई गईं। लखनऊ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अनुसार, सामाजिक परंपराओं को जीवित रखने के लिए राजधानी में तीन लाख से अधिक लोग इस उत्सव में शामिल हुए।