देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को एसडीएम लालगंज नेहा मिश्रा ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं उनकी टीम के साथ लालगंज बाजार में मिठाई की दुकानों का सघन निरीक्षण किया। अचानक शुरू हुए जांच अभियान से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई की भनक लगते ही कई दुकानदार अपनी दुकानों का शटर गिराकर मौके से चले गए। निरीक्षण के दौरान गुरु कृपा मिष्ठान भंडार, मधुराज स्वीट्स और राजनंदनी मिष्ठान भंडार सहित कई दुकानों की जांच की गई। इस दौरान कुछ दुकानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। दुकानों में गंदगी और कूड़ा पाया गया। वहीं, मिठाई तैयार करने वाले कर्मचारियों द्वारा सिर पर कैप और हाथों में ग्लव्स का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। गुरु कृपा मिष्ठान भंडार में स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर बेसन का घोल और शीरा मौके पर ही नष्ट कराकर फिंकवा दिया गया। इसके अलावा खोया, बेसन और दूध से तैयार मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। संबंधित दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और कर्मचारियों की स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं पर जवाब मांगा जा रहा है। एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी और अस्वच्छ तरीके से मिठाइयां तैयार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने, खाद्य सामग्री को स्वच्छ तरीके से तैयार करने तथा कर्मचारियों को कैप और ग्लव्स का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला से जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस अभियान से मिठाई कारोबारियों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दीपावली से पहले मिठाई की दुकानों पर एसडीएम का छापा, गंदगी मिलने पर सामग्री नष्ट कराई बनी मिठाइयों के नमूने जांच के लिए भेजे गए
नवंबर 02, 2026
0
Tags
