पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों चालकों ने किया प्रदर्शन
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। ई-रिक्शा संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध के विरोध में गुरुवार को पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों ई-रिक्शा चालक चुर्क रामलीला मैदान से पुलिस लाइन पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पूर्व की भांति ई-रिक्शा को धर्मशाला चौराहे तक संचालित करने की अनुमति देने की मांग की।
पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि ई-रिक्शा चालक बैंक से ऋण लेकर वाहन खरीदते हैं और इसी के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करने के साथ बैंक की किस्तें भी जमा करते हैं। रॉबर्ट्सगंज से आगे ई-रिक्शा ले जाने पर रोक लगाए जाने से उनकी आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। वहीं, यात्रियों को भी बीच रास्ते वाहन बदलना पड़ता है, जिससे उन्हें दोहरा किराया देना पड़ रहा है।
चालकों का कहना था कि पहले ई-रिक्शा धर्मशाला चौराहे तक सवारियां लेकर जाते थे, जिससे आम नागरिकों, मरीजों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलती थी। अब प्रतिबंध के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
पूर्व चेयरमैन चुर्क सईद कुरैशी ने कहा कि संबंधित मार्ग पर अन्य बड़े वाहन और निजी बसें भी संचालित होती हैं। सड़क किनारे बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने से जाम की स्थिति बनती है, लेकिन कार्रवाई केवल ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ की जा रही है। उन्होंने इसे भेदभावपूर्ण बताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
ई-रिक्शा चालकों ने प्रशासन से उनकी आजीविका और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धर्मशाला चौराहे तक संचालन की अनुमति देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे यातायात नियमों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग करने को तैयार हैं, लेकिन उनकी रोजी-रोटी प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
