देवल संवाददाता, मऊ। सड़क दुर्घटना में बेटे की मौत के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को आखिरकार न्याय मिला। बृहस्पतिवार को स्थायी लोक अदालत, की ओर से मृतक रामविनय चौहान की आश्रित मां बसंती देवी को बीमा राशि के रूप में दो लाख रुपये का चेक सौंपा गया। चेक प्राप्त करते समय बसंती देवी भावुक हो गईं और उनकी आंखें नम हो गईं।मामला घोसी थाना क्षेत्र के लाखीपुर गांव निवासी रामविनय चौहान पुत्र शिवशंकर चौहान से जुड़ा है। रामविनय की हैदराबाद में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उन्होंने अपने जीवनकाल में भारतीय स्टेट बैंक में खाता खुलवाया था,जिसमें प्रतिवर्ष 12 रुपये कटते थे। उनका खाता प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के अंतर्गत बीमित था। हादसे के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई। बेटे की मृत्यु के बाद उसकी मां बसंती देवी ने बीमा योजना का लाभ पाने के लिए बैंक और बीमा कंपनी के समक्ष आवेदन किया,लेकिन कई वर्षों तक चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें बीमा राशि नहीं मिल सकी। आर्थिक और मानसिक परेशानी से निराश होकर बसंती देवी ने स्थायी लोक अदालत में वाद दायर किया। न्यायालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्षों को तलब किया और सुनवाई शुरू की। पत्रावली में उपलब्ध साक्ष्यों,तथ्यों और परिस्थितियों का अवलोकन करने के बाद स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष हीरालाल तथा न्यायपीठ के सदस्य विकास भाई निकुम्भ और स्नेहलता त्रिपाठी ने नेशनल इंश्योरेंस कंपनी को मृतक के आश्रित बसंती देवी को दो लाख रुपये भुगतान करने का आदेश दिया। साथ ही निर्धारित दो माह के भीतर भुगतान नहीं किए जाने पर 8 प्रतिशत ब्याज सहित राशि अदा करने का निर्देश दिया।बृहस्पतिवार को न्यायालय में मृतक के माता-पिता शिवशंकर चौहान और बसंती देवी उपस्थित हुए और उन्हें बीमा राशि का चेक सौंपा गया। चेक लेते समय बसंती देवी भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि बेटे के जाने का दुख जीवनभर रहेगा,लेकिन यह रकम उनके और उनके पति के बुढ़ापे का सहारा बनेगी। मृतक के पिता शिवशंकर चौहान ने कहा कि स्थायी लोक अदालत के इस निर्णय ने साबित कर दिया कि आज भी गरीब,कमजोर और असहाय लोगों को न्याय मिल सकता है। वर्षों से अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे परिवार को मिली राहत ने न्याय व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास मजबूत किया।
