देवल संवाददाता, मऊ।मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया ने आज विकास खण्ड घोसी के ग्राम पिउवाताल में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं भौतिक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की जानकारी प्राप्त की। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि विद्यालय निर्माण में निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी एवं प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्य की प्रगति निरंतर बनी रहे और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल का निर्माण समयबद्ध ढंग से उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए, जिससे विद्यालय शीघ्र तैयार होकर विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बन सके।
