देवल संवाददाता, मऊ।संविधान स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद मऊ की चारों विधानसभा क्षेत्रों में डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत चयनित 40 स्थलों पर कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं मूर्ति पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों, आदर्शों एवं संविधान में निहित मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सामाजिक समरसता, समानता और न्याय के संदेश को सशक्त बनाने का प्रयास किया गया।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक मनोज राय द्वारा ग्राम सहरोज में तथा रेकवारेडीह में रमेश दुबे की उपस्थिति में शिलान्यास एवं मूर्ति पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। वहीं रतनपुरा विकासखंड के ग्राम बस्ती में विधान परिषद सदस्य विच्छेलाल राजभर की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। मधुबन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा फतेहपुर ताल चवर सहित जनपद के विभिन्न चयनित स्थलों पर भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिलान्यास एवं मूर्ति पूजन संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थलों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया,जिसे जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों एवं उपस्थित ग्रामीणों ने देखा और सुना। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक रूप से पाठ कराते हुए संविधान में उल्लिखित न्याय,स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने तथा उनके अनुरूप आचरण करने की शपथ दिलाई गई।डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत चयनित 40 स्थलों पर कराए जा रहे विकास कार्यों का उद्देश्य संबंधित स्थलों का समुचित विकास कराना तथा उन्हें सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्वरूप प्रदान करना है। संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित ये कार्यक्रम बाबा साहब के सामाजिक न्याय,समानता,शिक्षा और अधिकारों के विचारों को स्मरण करने के साथ ही संविधान के प्रति नागरिकों की निष्ठा एवं जिम्मेदारी को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बने।
कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती रश्मि मिश्रा,उपायुक्त श्रम एवं रोजगार राजीव कुमार,संबंधित खंड विकास अधिकारी,अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
