कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर 'नमो नमो मोर्चा' की प्रदेश अध्यक्ष मीना मिश्रा ने छठ व्रती महिलाओं के साथ मिलकर इस पर्व को अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया। इस दौरान पूरे क्षेत्र का वातावरण छठी मइया के पारंपरिक लोकगीतों और भक्तिमय जयकारों से गूंजायमान रहा।
कार्यक्रम के दौरान मीना मिश्रा ने स्वयं छठ व्रती महिलाओं के बीच पहुंचकर उनसे आशीर्वाद लिया और पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारियों में सहयोग किया तथा व्रतियों के बीच पूजन सामग्री, फल और प्रसाद का वितरण भी किया।
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मीना मिश्रा ने कहा, "छठ पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, स्वच्छता, प्रकृति प्रेम और अटूट आस्था का प्रतीक है। कठिन निर्जला व्रत रखकर छठ व्रती माताएं और बहनें पूरे समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। इनके बीच आकर मुझे असीम आध्यात्मिक शांति और ऊर्जा की अनुभूति हो रही है।"
छठ घाट पर मौजूद महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने मीना मिश्रा की इस पहल और सादगी की जमकर सराहना की। इस मौके पर मोर्चे के कई अन्य पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने सामूहिक रूप से छठी मइया की आराधना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की।
