साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट मैच में पारी और 219 रन से विशाल अंतर से हरा दिया। साउथ अफ्रीका ने इस जीत के साथ दो मैचों की सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया है। साउथ अफ्रीका की इस जीत के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में बदलाव हुआ है।
साउथ अफ्रीका की टीम ने इस जीत के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में नंबर वन की पोजिशन और मजबूत की है। साउथ अफ्रीका का जीत प्रतिशत अब 77.78% हो गया है। ऑस्ट्रेलिया का जीत प्रतिशत 69.23% है और ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरे नंबर पर मौजूद है। न्यूजीलैंड की टीम 66.67% जीत प्रतिशत के साथ तीसरे नंबर पर है। वहीं भारतीय टीम 50 जीत प्रतिशत के साथ चौथे नंबर पर है।
वियान मुल्डर ने गेंद से बरपाया कहर
साउथ अफ्रीका- बांग्लादेश मैच की बात करें तो पहली पारी में बांग्लादेश की टीम महज 91 रन पर सिमट गई थी। साउथ अफ्रीका ने मार्क एकरमैन और वियान मुल्डर के शतक से पहली पारी में चार विकेट पर 494 रन बनाकर पारी घोषित की। साउथ अफ्रीका की टीम को पहली पारी में 403 रन की बढ़त मिली। बांग्लादेश की टीम खेल के तीसरे दिन दूसरी पारी में 184 रन पर ढेर हो गई। वियान मुल्डर ने दूसरी पारी में सिर्फ 31 रन देकर सात बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। मार्क एकरमैन प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए।
