कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।स्वीप (एसवीईपी) कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद की पाँचों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता संबंधी निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया के निर्देशों के अनुपालन में माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा कराया गया।प्रतियोगिताएं माध्यमिक विद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से निर्धारित विद्यालयों में आयोजित की गईं। विधानसभा क्षेत्रवार केंद्र इस प्रकार रहे—टाण्डा में मिश्रीलाल आर्य कन्या इण्टर कॉलेज, अकबरपुर में बी.एन. इण्टर कॉलेज, कटेहरी में रामदेव जनता इण्टर कॉलेज, जलालपुर में नरेन्द्र देव इण्टर कॉलेज तथा आलापुर में राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज।इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया और मताधिकार के महत्व से परिचित कराना तथा उन्हें नैतिक, निष्पक्ष एवं अनिवार्य मतदान के प्रति जागरूक व प्रेरित करना था। संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने इनमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।आयोजन संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब के नोडल शिक्षकों के निर्देशन में सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर उनकी सूची तथा कार्यक्रम से जुड़े फोटोग्राफ संकलित किए गए। भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप दिशा-निर्देशों एवं मतदाता जागरूकता संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।माध्यमिक शिक्षा विभाग विद्यालय स्तर से ही युवाओं में निर्वाचन संबंधी जागरूकता विकसित करने और उन्हें जिम्मेदार तथा सक्रिय मतदाता बनाने के लिए ऐसी गतिविधियां आयोजित कर रहा है, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में युवाओं की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
