देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस मिशन शक्ति 6.0 के तहत लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं नोडल अधिकारी सुश्री मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में संचालित इस अभियान के तहत मिशन शक्ति टीमें महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और विभिन्न सरकारी सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक कर रही हैं।
इसके साथ ही साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसमें ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप और फिशिंग लिंक के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। पुलिस लोगों को आगाह कर रही है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण और पासवर्ड साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस द्वारा आपातकालीन सेवा 112, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090/1091, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी भी दी जा रही है। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।
