देवल संवाददाता, रौनापार (आजमगढ़)। विकासखंड हरैया में कार्यरत मनरेगा तकनीकी सहायकों ने शुक्रवार को सुबह 11 बजे दो सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उपायुक्त श्रम रोजगार आजमगढ़ के नाम खंड विकास अधिकारी हरैया आर.के. सिंह को सौंपा।
तकनीकी सहायकों ने अपने पत्रक के माध्यम से मांग की कि मानदेय बढ़ोतरी कर जूनियर इंजीनियर के न्यूनतम वेतनमान 35400 रुपये प्रतिमाह व पेट्रोल खर्च दिया जाए। एच.आर. पॉलिसी के तहत हम तकनीकी सहायकों पर माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा घोषित मानव संसाधन नीति (एच.आर. पॉलिसी) लागू की जाए।
इस संबंध में आयुक्त ग्राम विकास को दिनांक 16.09.2026 को एक पत्र दिया गया था। जिसके सापेक्ष 26.09.2026 को संगठन की अधिकारियों के साथ वार्ता का समय दिया गया और विधिवत समस्याओं को सुना गया और निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया। लेकिन हम लोगों की समस्याओं का निस्तारण अब तक नहीं हो सका।
हम लोगों की उपरोक्त समस्याओं का समाधान न होने की स्थिति में दिनांक 26.11.2026 से कार्य बहिष्कार तथा संगठन के आह्वान पर दिनांक 02.12.2026 से लखनऊ के इको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने हेतु पत्रक आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस मौके पर रामानुज राय, अश्वनी मिश्रा, शेषमणि, अम्बरीश मौर्य, अतुल बरनवाल, विजय नारायण राय, अंकित सिंह, धर्मेंद्र, प्रद्युम्न, अभिषेक, राकेश, सत्यम, बृजेश आदि उपस्थित रहे।
