देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। बीजपुर क्षेत्र से पत्रकारिता जगत के लिए मंगलवार को एक बेहद दुखद खबर सामने आई। वरिष्ठ पत्रकार विनोद गुप्ता का बीमारी के चलते वाराणसी में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही सोनभद्र सहित आसपास के क्षेत्रों के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई। पत्रकारिता जगत ने एक ऐसे साथी को खो दिया, जिनके आकस्मिक निधन से सहयोगियों और शुभचिंतकों में गहरा दुख व्याप्त है। विनोद गुप्ता बीजपुर क्षेत्र में हिन्दी दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन की सूचना से स्थानीय पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और परिचितों में शोक छा गया। पत्रकारिता से जुड़े लोगों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। पत्रकार साथियों ने कहा कि किसी भी पत्रकार का असमय दुनिया से चले जाना केवल उसके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे पत्रकारिता जगत के लिए पीड़ादायक होता है। विनोद गुप्ता के निधन से बीजपुर क्षेत्र के पत्रकारिता जगत में जो रिक्तता आई है, उसकी भरपाई कर पाना आसान नहीं होगा। उनके निधन पर पत्रकारों एवं शुभचिंतकों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करें।
