देवल संवाददाता, आजमगढ़। बैंक से रुपये निकालने या जमा करने आने वाले लोगों को मदद का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का जीयनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बुधवार की भोर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गिरोह का सरगना अमित साहनी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से टप्पेबाजी के 19,100 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। तीनों के खिलाफ आजमगढ़ समेत छह जिलों में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, जीयनपुर थाना क्षेत्र में टप्पेबाजी की दो घटनाएं हुई थीं। पहली घटना 10 अगस्त 2026 की है। धर्मराज चौहान अजमतगढ़ स्थित बड़ौदा यूपी बैंक में रुपये जमा करने पहुंचे थे। जमा पर्ची भरने में असमर्थता जताने पर दो युवकों ने मदद का भरोसा दिलाया और उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया। इसके बाद शंकर जी की मूर्ति के पास ले जाकर उनसे 74 हजार रुपये ले लिए और बदले में कागज की गड्डी थमा दी। दूसरी घटना 29 अक्टूबर को हुई। आशीष कुमार की बुजुर्ग बुआ जीयनपुर स्थित भारतीय बैंक से 49 हजार रुपये निकालकर घर जा रही थीं। रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें बातचीत में उलझाकर बैग बदल दिया और उसमें रखे रुपये लेकर फरार हो गए। दोनों घटनाओं में कुल एक लाख 23 हजार रुपये की ठगी की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर जीयनपुर पुलिस बुधवार की सुबह करीब 5:30 बजे महावतगढ़ चकिया-अमुवारी नारायणपुर मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसी बीच एक बदमाश बबूल के पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। गोली थानाध्यक्ष संजय सिंह की दाहिनी कनपटी के पास से गुजर गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश अमित साहनी के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं, उसके दो साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के मलाह टोली वार्ड नंबर दो निवासी अमित साहनी, शिवा साहनी और सुनील साहनी के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि तीनों एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। गिरोह के सदस्य बैंकों के अंदर और बाहर नकदी लेकर आने-जाने वाले लोगों की रेकी करते थे। इसके बाद मदद करने या अधिक रुपये देने का झांसा देकर उन्हें विश्वास में लेते थे। बातचीत में उलझाकर उनके असली रुपये ले लेते और बदले में कागज की गड्डी थमाकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19,100 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक देशी तमंचा, .315 बोर का एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में जीयनपुर थाने पर मु0अ0सं0 490/2026 धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास आजमगढ़, देवरिया, बुलंदशहर, कुशीनगर, गोरखपुर और महराजगंज जिलों से जुड़ा है। गिरोह के सरगना अमित साहनी के खिलाफ छह, शिवा साहनी के खिलाफ पांच और सुनील साहनी के खिलाफ सात मुकदमे दर्ज हैं। इस तरह तीनों के खिलाफ कुल 18 मुकदमे पंजीकृत हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संजय सिंह, उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा, विनय कुमार यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
