देवल संवाददाता, आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थानाक्षेत्र के दुर्गापुर गांव में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक महिला को मारते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं एक पुरुष भी उस वीडियो में बीच बचाव करता हुआ नजर आ रहा है। इस मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाने पर दी गई तहरीर के मुताबिक 2 नवंबर को समय करीब 8:20 पर सुबह में रमेश सिंह की पत्नी रचना सिंह के ऊपर जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। पीड़िता का कहना है कि विपक्षियों ने उन्हें बुरी तरह से मारा पीटा। जिससे पीड़िता का सर फट गया। यही नहीं उसके पति रमेश सिंह बीच बचाव करने पहुंचे तो विपक्षियों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया।पीड़िता ने इस संबंध में अतरौलिया थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का यह भी कहना है कि जिन लोगों ने उसके साथ मारपीट की है वह लोग दबंग किस्म के हैं और कभी भी उनके साथ कोई अनहोनी कर सकते हैं। पीड़िता ने कहा कि आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं ऐसे में उन्हें जान माल का खतरा है। पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दूबे ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
