पाकिस्तान के कुल पांच बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़ा, जिसकी वजह से उसने रावलपिंडी में सोमवार से खेले जा रहे पहले टेस्ट में 9 विकेट खोकर 434 रन बनाए और पहली पारी घोषित कर दी। बाद में बल्लेबाजी के लिए उतरी श्रीलंकाई टीम ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 114 रन पर तीन विकेट गंवा दिए हैं।
श्रीलंका को तीसरे ही ओवर में झटका लगा। पासिंदु सूरियाबंडारा बिना खाता खोले मोहम्मद अब्बास का शिकार हो गए। इसके बाद अगले ही ओवर में डेब्यूटांट साकिब खान ने दिनेश चांदीमल को आउट कर श्रीलंका को दूसरा झटका दिया।
चांदीमल के आउट होने के बाद लाहिरू उडारा और कामिंदु मेंडिस ने अर्धशतकीय साझेदारी की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े। साकिब ने उडारा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ श्रीलंका को तीसरा झटका दिया।
इसके बाद मेंडिस को धनंजय डी सिल्वा का साथ मिला है। दोनों अब तक चौथे विकेट के लिए 49 रन जोड़ चुके हैं। मेंडिस 40 और सिल्वा 22 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों की नजर अब श्रीलंका को पाकिस्तान के स्कोर के करीब ले जाने पर होगी। श्रीलंका अभी भी पाकिस्तान की पहली पारी के स्कोर से 320 रन पीछे है।
पाकिस्तानी बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन
इससे पहले पाकिस्तान ने दूसरे दिन 281/5 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। सऊद सकील इस दौरान शतक लगाने से चूक गए। उन्होंने 93 रनों की पारी खेली
सकील ने छठे विकेट के लिए गाजी घोरी के साथ 96 रनों की साझेदारी की। घोरी 48 रन बनाकर आउट हुए। डेब्यू मैच खेल रहे अराफत मिन्हास ने 52 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया। यह पाकिस्तान की पारी का पांचवां अर्धशतक था।
इससे पहले तय्यब आरिफ, मोहम्मद ताहा और कप्तान बाबर आजम ने अर्धशतक लगाया था, जिसकी वजह से पाकिस्तान ने पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा किया। श्रीलंका की ओर से असिता फर्नांडो और दिलशान मदुशंका ने तीन-तीन विकेट लिए थे।
