देवल संवाददाता, आजमगढ़। अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह और नौ में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। आगामी 31 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त विवेक ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंगलवार को अपने कार्यालय सभागार में मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि परीक्षा के लिए बनाए जाने वाले सभी केंद्रों का पहले से निरीक्षण कर लिया जाए। जहां भी कोई कमी मिले, उसे समय रहते दूर कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को तैयारियों की लगातार निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने उप श्रमायुक्त राजीव कुमार सिंह और सहायक श्रमायुक्त पवन कुमार को निर्देश दिया कि दोनों अधिकारी सप्ताह में कम से कम एक बार अलग-अलग दिन अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करें। इस दौरान विद्यालय में पढ़ाई की गुणवत्ता के साथ छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जांच करें।
बैठक में उप श्रमायुक्त राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा छह के लिए 140 और कक्षा नौ के लिए नौ छात्र-छात्राओं का प्रवेश लिया जाना है। प्रवेश परीक्षा मंडल के तीनों जनपदों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी। उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के बाद 25 फरवरी 2027 को परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चे तथा कोरोना काल में श्रमिकों के अनाथ हुए बच्चे प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। बैठक में आवेदन पत्र प्राप्त करने, प्रवेश पत्र जारी करने और नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियों के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग कुमार श्रीवास्तव, बीएसए राजीव पाठक, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, प्रवर्तन अधिकारी बलिया साहा राम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मऊ लईक अहमद सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
