19 नवंबर 2023 यह वो तारीख है, जो भारतीय क्रिकेट फैंस शायद ही कभी भूल पाएंगे। क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीम आमने- सामने थीं। भारतीय टीम इस पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी थी और टीम इंडिया खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी, मगर फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने 140 करोड़ भारतीयों का दिल तोड़कर वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। भारतीय फैंस इस हार का दर्द तीन साल बाद भी नहीं भूले हैं।
वनडे वर्ल्ड कप 2023 में टीम इंडिया में शानदार प्रदर्शन किया था। भारत की मेजबानी में खेले गए आईसीसी के इस मेगा टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने लगातार नौ मुकाबले जीते। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरुआती मुकाबलों में बड़ी जीत दर्ज की। लगातार नौ मैच जीतने के बाद सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय टीम के सामने न्यूजीलैंड की चुनौती थी, जहां भारतीय टीम ने आसानी से जीत हासिल की।
240 रन पर ढेर हुई थी टीम इंडिया
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सिर्फ 240 रन पर ढेर हो गई। रोहित शर्मा 47 रन (31 बॉल) ने भारतीय टीम को तेज शुरुआत दिलाई, मगर उनका विकेट गिरने के बाद रनों की रफ्तार कम हो गई। विराट कोहली (55) और केएल राहुल (66) को छोड़कर भारत का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
ट्रेविस हेड ने दिया टीम इंडिया को बड़ा दर्द
241 रन के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे ही ओवर में डेविड वॉर्नर का विकेट गंवा दिया। मिचेल मार्श (15) और स्टीव स्मिथ (04) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। लेकिन इसके बाद ट्रैविस हेड ने मोर्चा संभाला और धमाकेदार पारी खेली। ट्रैविस हेड ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। हेड ने 120 गेंद में 137 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी में 15 चौके और चार छक्के शामिल थे। हेड की इस पारी से ऑस्ट्रेलिया टीम ने इस टारगेट को 43 ओवर में ही हासिल कर लिया। हेड के अलावा मार्नस लाबुशेन (58) ने भी नाबाद अर्धशतक जड़ा।
भारतीय टीम की इस हार के बाद अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया। वहीं टीवी पर मैच देख रहे करोड़ों फैंस मायूस हो गए। घटना को तीन साल बीत चुके हैं, मगर भारतीय फैंस को आज भी यह हार सबसे ज्यादा दर्द देती है।
