देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक यातायात द्वारा थाना रॉबर्ट्सगंज अन्तर्गत मधुपुर में वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन कराया गया। शिविर के दौरान वाहन चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान वाहन चालकों को पहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने, शराब का सेवन कर वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों के जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक यातायात द्वारा जयपुरिया कॉन्वेंट स्कूल, रॉबर्ट्सगंज पहुंचकर छात्र-छात्राओं को पम्पलेट बांटकर यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, यातायात संकेतों एवं सिग्नलों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के संबंध में जानकारी दी गई।
इसके उपरांत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर सोमनाथ मंदिर होते हुए बढ़ौली चौराहा पहुंची तथा वहां से पुनः विद्यालय वापस आई। रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं को अपने परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित करने की अपील की गई।
सोनभद्र पुलिस की अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित चलें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। आपका जीवन अनमोल है।
