देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़)। तहसील परिसर स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) प्रदर्शन केंद्र में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उप जिलाधिकारी नेहा मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं और क्षेत्र के आमजन को ईवीएम के संचालन की जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों को स्वयं ईवीएम पर मतदान कराकर पूरी प्रक्रिया का डेमो दिखाया गया। एसडीएम नेहा मिश्रा ने आगामी 2027 के चुनाव को देखते हुए ईवीएम को लेकर लोगों के मन में मौजूद भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने मशीन की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि किस प्रकार मतदाता अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। लोगों ने स्वयं मशीन पर वोट डालकर मतदान प्रक्रिया को समझा। एसडीएम ने बताया कि तहसील परिसर स्थित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र आमजन के लिए प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक उपलब्ध रहेगा। जिस किसी व्यक्ति के मन में ईवीएम की कार्यप्रणाली को लेकर कोई संदेह या भ्रांति है, वह केंद्र पर पहुंचकर स्वयं मतदान का डेमो देख और समझ सकता है। इसका उद्देश्य लोगों को जागरूक करने के साथ ईवीएम के प्रति विश्वास बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि 21 और 22 नवंबर को विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाए जाएंगे। जिन युवाओं और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उनका नाम जुड़वाने के लिए जागरूक किया जाएगा। विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह खन्ना, संतोष राय, रामसेवक यादव, कृष्ण कुमार मोदनवाल, कौस्तुभ मणि पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र मौर्य सहित सुपरवाइजर, एईआरओ और तहसील के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
