आईपीएल 2027 में हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस का हिस्सा होंगे, इसकी संभावना बहुत कम है। ऐसे में फ्रेंचाइजी को नए कप्तान की जरूरत होगी। टीम में सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे नाम हैं, जो कप्तानी की रेस में हैं। हालांकि, भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने एक चौंकाने वाला नाम लिया है।
अश्विन का मानना है कि युवा बल्लेबाज नमन धीर भी मुंबई के कप्तान बन सकते हैं। इससे पहले उन्होंने एक सीजन के लिए रोहित शर्मा को कप्तान बनाने का सुझाव दिया था। उनका कहना था कि टीम में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है और रोहित ऐसे हैं, जो सब ठीक कर सकते हैं। अब उनका कहना है कि भविष्य में धीर भी मुंबई के कप्तान बन सकते हैं।
नमन धीर बन सकते हैं मुंबई के कप्तान: अश्विन
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने धीर के कप्तान बनने की भविष्यवाणी की। उन्होंने कहा, "हमें नहीं पता कि रोहित शर्मा एक और सीजन या उससे ज्यादा खेलेंगे। धोनी के साथ भी यही है। वे कई सालों से खेल रहे हैं और अगले सीजन में भी खिलाड़ी के तौर पर खेल सकते हैं। मैं भविष्य में नमन धीर को भी कप्तानी के विकल्प के रूप में देखूंगा। उनकी शांत रहने की आदत मुझे सबसे अधिक प्रभावित करती है।"
हार्दिक पांड्या छोड़ सकते हैं मुंबई का साथ
मुंबई ने आईपीएल 2027 से पहले अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव किए हैं। हेड महेला जयवर्धने की जगह अब कायरन पोलार्ड को नया मुख्य कोच बनाया गया है। दूसरी तरफ हार्दिक पांड्या के भी मुंबई छोड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। तमाम मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि हार्दिक के साथ मुंबई अब आगे नहीं जाना चाहती है। पांड्या के लिए कई फ्रेंचाइजियों ने दिलचस्पी दिखाई, जिसमें कोलकाता और राजस्थान जैसी टीम में शामिल हैं।
आईपीएल 2027 में कप्तानी पर सस्पेंस
मुंबई के पास वैसे तो कप्तान के लिए कई विकल्प हैं, जिसमें सूर्या, बुमराह और तिलक का नाम शामिल है। हालांकि, सूर्या अब भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं और ऐसे में फ्रेंचाइजी उन्हें कप्तान नहीं बनाना चाहेगी। बुमराह कि फिटनेस को देखते हुए, उनका भी कप्तान बनना मुश्किल है। तिलक, जो भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान हैं, वे सबसे मजबूत दावेदार हैं। इसके अलावा हाल ही में स्पोर्ट्स तक की एक रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमें दावा किया गया था कि रोहित को दोबारा से टीम का कप्तान बनाया जा सकता है।
