एसजेपीयू एवं एएचटीयू की मासिक बैठक में बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट और बच्चों की सुरक्षा पर हुई चर्चा
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क स्थित सभागार में विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) एवं मानव तस्करी रोधी इकाई (एएचटीयू) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बाल अपराधों की रोकथाम, बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस महानिदेशक, महिला सम्मान प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश के क्रम में आयोजित बैठक में विधि का उल्लंघन करने वाले बच्चों तथा देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। किशोर न्याय अधिनियम और पॉक्सो एक्ट के तहत पंजीकृत मामलों में पीड़िताओं को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने, पॉक्सो प्रकरणों में प्रारूप (क) एवं प्रारूप (ख) भरने तथा बाल विवाह एवं बाल अपराधों की रोकथाम के उपायों पर चर्चा हुई।
बैठक में विद्यालयों में बाल विवाह और पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने पर जोर दिया गया। साथ ही बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों के समक्ष आने वाली समस्याओं के समाधान और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं सदस्यों को बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा आपसी समन्वय के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के सदस्य, डिप्टी सीएमओ, जिला विद्यालय निरीक्षक, चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट के प्रतिनिधि, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य, बालिका गृह की अधीक्षिका, वन स्टॉप सेंटर सोनभद्र की केंद्र प्रशासक, एएचटीयू एवं एसजेपीयू के अधिकारी तथा जनपद के समस्त थानों के बाल कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।
