देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र, 9 अक्टूबर 2026। बहुजन आंदोलन के महान चिंतक एवं सामाजिक न्याय के प्रबल पैरोकार मान्यवर कांशीराम जी की पुण्यतिथि शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय सोनभद्र में मनाई गई। इस अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन कर उनके विचारों, संघर्षों और बहुजन समाज के उत्थान में उनके योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने उनके बताए रास्ते पर चलकर शोषित, वंचित, दलित, पिछड़े, आदिवासी, किसान, नौजवान और महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी का मानना था कि जिस समाज का इतिहास भुला दिया जाता है, उसका भविष्य कभी सुरक्षित नहीं हो सकता। उन्होंने दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, किसानों, नौजवानों और महिलाओं के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष किया। अपने विचारों और आंदोलन के माध्यम से उन्होंने बहुजन समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक और संगठित करने का काम किया। उनके संघर्षों से बहुजन समाज की राजनीति को नई दिशा मिली।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मान्यवर कांशीराम के विचारों से प्रेरणा लेकर गरीबों, वंचितों और कमजोर वर्गों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने और राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा घोषित प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी समाजवादियों की जिम्मेदारी है कि अखिलेश यादव के हाथों को मजबूत करें और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ऐसे महान चिंतक थे, जिन्होंने आदिवासियों सहित शोषित और वंचित समाज की आवाज बुलंद की। उनके संघर्षों की बदौलत आज वंचित वर्गों को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि कांशीराम जी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान और विचारों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव सभी वर्गों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। ऐसे में समाजवादी कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और विचारों को गांव-गांव तथा जन-जन तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखना जरूरी है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सचिव चौधरी यशवंत सिंह पटेल, जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी, अनिल प्रधान, त्रिपुरारी गौड़, सरदार पारब्रह्म सिंह, डॉ. लोकपति सिंह पटेल, सुरेश यादव, अभय यादव, जेपी भारती, लालू भारती, रमेश कुमार बागी, पंडित कृष्णा शर्मा, सत्यम पांडे, बचोले प्रसाद पटेल, गुलाम यासीन, मिथिलेश कुमार सिंह, धीरज पाठक, दीपक केसरी और विनीत सरोज सहित दर्जनों नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विचार व्यक्त किए।
