देवल संवाददाता, आजमगढ़। सरकारी योजनाओं और आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से आभूषण और नकदी ठगने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के एक सदस्य को कप्तानगंज पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सोमवार की देर रात पासीपुर नहर पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल अवस्था में उसे पहले सीएचसी कोयलसा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर निवासी साहब राम (43) पुत्र स्वर्गीय मुसाफिर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, कप्तानगंज बाजार में एक अक्टूबर और कौड़िया बाजार में पांच अक्टूबर को महिलाओं को सरकारी योजनाओं और आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके आभूषण व नकदी ठगने की घटनाएं हुई थीं। दोनों मामलों में कप्तानगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। विवेचना के दौरान सामने आई महिला आरोपी नीरज उर्फ गुड्डी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
