देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) सिधौना/मेहनाजपुर, क्षेत्र में सड़क की समस्याओं को दूर करने और आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह के आजमगढ़ तरवां स्थित एमएलसी प्रतिनिधि स्नातक अनुराग तिवारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, आजमगढ़ को पत्र सौंपकर मेहनाजपुर क्षेत्र की तीन प्रमुख सड़कों के निर्माण की मांग उठाई है। सौंपे गए पत्र में अनुराग तिवारी ने क्षेत्र की सड़क समस्याओं की ओर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया है। पत्र में निम्नलिखित सड़कों के निर्माण की मांग की गई है। (1) मेहनाजपुर बाजार से संकठा मैरेज हॉल तक लगभग 500 मीटर लंबी सीसी रोड तथा भगवानपुर पुल तक एक किलो मीटर लंबी पिच सड़क के निर्माण की मांग की गई है। (2) प्रधान जियापुर राजू मद्देशिया के घर से पत्रकार बृजेश सिंह के घर, बहलोलपुर तक लगभग 1700 मीटर लंबी पिच सड़क का निर्माण कराने की मांग की गई है।
(3) राम मिलन मौर्य के घर से सिद्धेश्वरी धाम तक लगभग 700 मीटर लंबी पिच सड़क का निर्माण कराने की मांग पत्र में शामिल है। अनुराग तिवारी ने संबंधित विभाग से जनहित को ध्यान में रखते हुए इन सड़कों के निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही बाजार, गांवों और धार्मिक स्थल तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है। अब क्षेत्रीय लोगों की निगाहें संबंधित विभाग के कार्यवाही पर टिकी है।
