कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।सेवा संकल्प अभियान के तहत महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अंबेडकर नगर में मरीजों एवं उनके तीमारदारों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और अस्पताल की सुविधाओं के प्रति जागरूक किया गया। कॉलेज ऑफ नर्सिंग के बैच-2024 के छात्र-छात्राओं ने ‘हमारा संकल्प’ कार्यक्रम के माध्यम से मरीजों की बेहतर देखभाल और संक्रमण से बचाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग विद्यार्थियों ने मरीजों एवं तीमारदारों को अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमण से बचाव के आवश्यक उपाय अपनाने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने बेहतर पेशेंट केयर के लिए आवश्यक व्यवहार और स्वच्छ वातावरण के महत्व की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुकेश यादव ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी बेहतर देखभाल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने नर्सिंग विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे मरीजों की सेवा और संक्रमण नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्य डॉ. ईलाकुवाना भास्करा राज के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में नर्सिंग शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, स्वच्छता और सुरक्षित स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति सामूहिक संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
