मुख्यमंत्री के सम्मान समारोह का पुलिस लाइन में हुआ सजीव प्रसारण, ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा पुलिस सहयोग एवं अपराध नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने वाले प्रदेश के 68,000 ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण पुलिस लाइन, अम्बेडकरनगर में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने की। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्राम प्रहरियों ने मुख्यमंत्री जी का संबोधन देखा एवं सुना।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों को संबोधित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा ग्राम प्रहरियों के मानदेय वृद्धि किए जाने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा पुलिस को महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके सतर्क एवं जिम्मेदार प्रयासों से पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने में सहयोग मिलता है। इस अवसर पर ग्राम प्रहरियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा की गई घोषणा के अंतर्गत ग्राम प्रहरियों के मानदेय में ₹1,000 की वृद्धि की गई है। इसके फलस्वरूप अब उन्हें ₹3,500 प्रतिमाह मानदेय प्राप्त होगा। इसके साथ ही उन्हें ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ प्रदान किए जाने की व्यवस्था से स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के समय आर्थिक सुरक्षा एवं उपचार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। इन सुविधाओं से ग्राम प्रहरियों के कल्याण एवं उनकी सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उपस्थित ग्राम प्रहरियों ने मानदेय में वृद्धि एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडेय, विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा (साधु वर्मा), भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्राम प्रहरी उपस्थित रहे।
