देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद में 01 अक्टूबर 2026 से संचारी रोग नियंत्रण अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उच्च जोखिम (हाई-रिस्क) वाले गांवों में माइक्रोप्लान के तहत विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के साथ ही आमजन को संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, खराब हैंडपंपों की मरम्मत, नालियों की सफाई तथा बुखार, कुष्ठ, फाइलेरिया एवं क्षय रोग (टीबी) के मरीजों के चिह्नीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
*13 अक्टूबर तक अभियान की प्रगति*
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष अब तक विद्यालयों में संचारी रोग जागरूकता रैली के लक्ष्य 2,075 के सापेक्ष 603 रैलियां आयोजित की जा चुकी हैं। ग्राम स्तर पर प्रभात फेरी के 621 के लक्ष्य के सापेक्ष 272 प्रभात फेरियां निकाली गईं, जबकि ग्राम सभा बैठकों के निर्धारित लक्ष्य 621 के सापेक्ष 271 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।
इसी प्रकार, झाड़ियों की कटाई के 4,204 के लक्ष्य के सापेक्ष 1,651 स्थलों पर कार्य पूरा किया गया है। हैंडपंप मरम्मत के 2,890 के लक्ष्य के सापेक्ष 1,220 हैंडपंपों की मरम्मत कराई गई तथा हैंडपंपों के चबूतरों की मरम्मत के 1,184 के लक्ष्य के सापेक्ष 481 चबूतरों की मरम्मत पूरी की जा चुकी है। शौचालय निर्माण के निर्धारित लक्ष्य 615 के सापेक्ष 292 शौचालयों का निर्माण कराया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों की तलीझाड़ सफाई के 1,889 के लक्ष्य के सापेक्ष 774 नालियों की सफाई कराई गई है। वहीं, शहरी क्षेत्रों में नालियों की सफाई के 1,440 के लक्ष्य के सापेक्ष 505 नालियों की सफाई पूरी की जा चुकी है। नगरीय क्षेत्रों में फॉगिंग के लिए निर्धारित 144 वार्डों के लक्ष्य के सापेक्ष 50 वार्डों में फॉगिंग कराई गई है।
इसके अतिरिक्त, सूकर पालकों के संवेदीकरण के 255 के लक्ष्य के सापेक्ष 122 सूकर पालकों को जागरूक किया गया है। कृंतक नियंत्रण के लिए आयोजित की जाने वाली गोष्ठियों के 621 के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 250 गोष्ठियां आयोजित की जा चुकी हैं।
