देवल संवाददाता, आजमगढ़। बारिश के मौसम में जलभराव, गंदगी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिले में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया गया है। वहीं 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य बारिश के मौसम में फैलने वाले संचारी रोगों की रोकथाम के साथ लोगों को आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना है। जलजमाव, गंदगी और आसपास उगी झाड़ियों के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए लोगों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई रखने तथा पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.एन. वर्मा के मार्गदर्शन तथा एसीएमओ डॉ. उमा शरण पांडेय की देखरेख में अभियान के दौरान लोगों को मच्छरजनित एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, नालियों की नियमित सफाई रखें और झाड़ियों की कटाई कराएं। मच्छरों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें। बुखार अथवा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।
घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम*
12 अक्टूबर से शुरू होने वाले दस्तक अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचेंगी। इस दौरान लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे और बीमारी के संभावित लक्षणों की जानकारी लेकर जरूरत के अनुसार लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम और समय रहते सतर्कता बरतकर संचारी रोगों के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सकता है। अभियान के तहत विभाग द्वारा आमजन से सक्रिय सहयोग की अपील की गई है।
