देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान सोमवार को ‘हर घर नल’ योजना की जमीनी हकीकत सामने आने पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ी नाराजगी जताई। डीएम ने ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों से फोन पर सीधे फीडबैक लिया, जिसमें कई गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने की शिकायत मिली।
लोढ़ी, बभनौली, पसही कला, तेंदुहार, अदलगंज, लोहरा और सोनबरसा समेत कई ग्राम पंचायतों में अनियमित जलापूर्ति की शिकायत पर डीएम ने पटवध समूह पेयजल योजना से संबंधित कंपनी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं संबंधित सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को टीम गठित कर योजना की जांच कराने और पांच दिवस में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जांच में पाइपलाइन, कनेक्शन, पानी की उपलब्धता और नियमित आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की पड़ताल की जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जांच में जिम्मेदारी तय कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीडीओ जागृति अवस्थी, डीपीआरओ नमिता शरण, जल जीवन मिशन के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
