देवल संवाददाता, मऊ। खेल निदेशालय,उत्तर प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के समन्वय से जिला खेल कार्यालय,मऊ द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम,मऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता के अंतर्गत आज चार क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। शानदार खेल प्रदर्शन के बाद कानपुर मंडल,स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर,अयोध्या छात्रावास तथा आजमगढ़ मंडल की टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला कानपुर मंडल एवं वाराणसी मंडल के बीच खेला गया, जिसमें कानपुर मंडल ने वाराणसी मंडल को 01-00 से पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान बनाया।
दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर एवं लखनऊ मंडल की टीमें आमने-सामने रहीं। स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर की ओर से वैशाली सेन एवं आकांक्षा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो गोल किए। स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने 07-00 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अयोध्या छात्रावास ने झांसी मंडल को 05-00 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
चौथे एवं अंतिम क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आजमगढ़ मंडल एवं प्रयागराज मंडल के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले के अंतिम क्षणों में आजमगढ़ मंडल ने निर्णायक गोल कर 01-00 से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर बनाम कानपुर मंडल तथा अयोध्या छात्रावास बनाम आजमगढ़ मंडल के बीच मुकाबले खेले जा रहे हैं।इस अवसर पर ज्योति सिंह समाजसेवी,संजय कुमार सिंह सहायक प्रशिक्षक,राजीव कुमार जायसवाल,अखिलेश खरवार, भूपेंद्र नाथ,रितेश दास,सोनिया कुमारी,रीमा यादव सहित जनपद के खेल प्रेमी उपस्थित रहे।अंत में जिला क्रीड़ाधिकारी, मऊ डी.पी. सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों एवं खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
