कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव में खेत की सिंचाई करने गए पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार रात खेत पर गए दंपती के शव सोमवार सुबह सड़क किनारे खेत में पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। जानकारी के अनुसार, आजनपारा गांव निवासी बिशुनलाल (40) रविवार रात करीब नौ बजे अपनी पत्नी द्रोपदी (38) के साथ खेत की सिंचाई करने गए थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे ग्रामीणों ने सड़क किनारे खेत में दोनों के शव पड़े देखे। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मालीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। रात में खेत पर गए दंपती की सुबह मौत की खबर सामने आने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया जंगली जानवर के हमले की आशंका प्रतीत हो रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक दंपती के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। माता-पिता की एक साथ मौत से चारों बच्चों के सिर से साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और गांव में शोक का माहौल है।
खेत की सिंचाई करने गए दंपती की संदिग्ध मौत, सुबह सड़क किनारे मिले शव; चार बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
अक्टूबर 19, 2026
0
Tags
