कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।शिक्षक कालोनी दोस्तपुर रोड अकबरपुर स्थित स्वामी विवेकानंद कॉन्वेंट स्कूल में दशहरे का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, सभ्यता और नारी सम्मान के महत्व से परिचित कराया गया। इस अवसर पर भारतीय परंपरा में नारी को देवी के रूप में प्रतिष्ठित किए जाने की गौरवशाली परंपरा पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को महिलाओं के प्रति सम्मान, आदर और समानता का भाव रखने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की एडमिन सेहर ज़ोएल के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को दशहरे के सांस्कृतिक एवं नैतिक महत्व से अवगत कराते हुए भारतीय सभ्यता के उन आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया, जो नारी के सम्मान और समाज में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को प्रतिष्ठित करते हैं। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की कोऑर्डिनेटर सोनालिका के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की ओर से मीरा उपाध्याय एवं रामजीत वर्मा ने प्रशासनिक व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, फरहत एवं खुशबू यादव ने कार्यक्रम की तैयारियों में विशेष योगदान दिया।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत, महिलाओं के प्रति सम्मान तथा नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यालय का उद्देश्य ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में संस्कार, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
