कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।सीएम डैशबोर्ड पर विकास एवं राजस्व कार्यों की रैंकिंग में जनपद अम्बेडकरनगर ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया के नेतृत्व में जनपद ने विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासपरक कार्यों में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। उन्होंने विकास योजनाओं एवं राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति पर निरंतर निगरानी रखते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभागीय समन्वय, जवाबदेही और नियमित समीक्षा के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। यह उपलब्धि मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनुपम सिंह सहित जनपद के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों, नियमित समीक्षा, प्रभावी अनुश्रवण तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का परिणाम है। जिलाधिकारी ने इस सफलता को टीमवर्क, सामूहिक जिम्मेदारी और सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का परिणाम बताते हुए कहा कि सभी विभाग इसी कार्यदक्षता, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहें। उन्होंने विकास कार्यों को और गति देने तथा शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचाने की अपेक्षा भी जताई।
