लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों की आड़ में हो रही थी तस्करी, ट्रक से रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन ब्रांड की 9,588 शीशियां बरामद
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों की आड़ में तस्करी कर ले जाई जा रही 625 पेटियों में कुल 9,588 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 2.85 लाख रुपये मूल्य की लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक, एक ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत लगभग 93 लाख रुपये है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/नगर मेविस टॉक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में की गई। अभियान में रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस, एसओजी तथा हिन्दुआरी, चुर्क और लोढ़ी चौकी की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस के मुताबिक, 14 और 15 अक्टूबर की मध्यरात्रि शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की तरफ सड़क से हटकर मैदान में एक संदिग्ध ट्रक खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने ट्रक की जांच की तो केबिन में दो व्यक्ति मिले।
पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के नसीब चन्द राजपूत (40) और कृष्णपाल राजपूत (38) के रूप में बताई। दोनों ने ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक लदे होने की बात कही और समर्थन में इनवॉइस तथा ई-वे बिल प्रस्तुत किए। हालांकि, दस्तावेजों में माल दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख था, जबकि आरोपियों ने शराब एवं अन्य माल हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से लादकर रांची ले जाने की बात बताई। दस्तावेजों और उनके बयानों में विसंगतियां मिलने पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब की बोतलों पर ‘Only for Punjab Sale’ अंकित था। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब के परिवहन और बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

