देवल संवाददाता, इंदारा। बेटियां अवसर मिलने पर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता से नई मिसाल कायम कर सकती हैं। इसका प्रेरक उदाहरण गुरुवार को सेंट जोसेफ इंटर कालेज इंदारा मिशन में देखने को मिला। यहां मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा बारह की छात्रा करिश्मा मौर्या को एक दिन का प्रधानाचार्य बनाया गया। प्रधानाचार्य की कुर्सी पर बैठकर करिश्मा मौर्या ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उनके आत्मविश्वास और सक्रियता की शिक्षकों एवं अन्य लोगों ने सराहना की।प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी मिलने पर करिश्मा मौर्या ने पूरे उत्साह के साथ विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। करिश्मा ने प्रार्थना सभा संचालन से अपने कार्य के शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन बनाए रखने और विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद कक्षाओं में पढ़ाई शुरू कराई और विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षकों व छात्रों से बातचीत की। छात्राओं से कक्ष में वार्ता कर सुझाव लिए। प्रधानाचार्य फादर धर्म किशोर मार्को ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने,नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि ने छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी। वहीं,करिश्मा के लिए यह अनुभव न केवल यादगार रहा,बल्कि अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायी बना। इस दौरान जितेंद्र कुमार डेनिस,अशोक कुमार,योगेंद्र प्रसाद,पुष्पकांति आदि शिक्षक शामिल रहे
कक्षा 12 की छात्रा करिश्मा बनी एक दिन की प्रिंसिपल,आत्मविश्वास से संभाली स्कूल की कमान
अक्टूबर 15, 2026
0
Tags
