देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अनपरा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के शिकार एक व्यक्ति को 67,772.39 रूपये की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बैंक से समन्वय के बाद पीड़ित के मूल बैंक खाते में ठगी की रकम वापस करा दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज निवासी रवि प्रजापति पुत्र राम विशाले प्रजापति के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति ने साइबर धोखाधड़ी कर धनराशि ट्रांसफर करा ली थी। पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद अनपरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक से पत्राचार किया और धोखाधड़ी से संबंधित रकम को होल्ड कराया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद 67,772.39 रूपये की धनराशि पीड़ित के मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय और अनपरा पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में अनपरा थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे और हेड कांस्टेबल आनंद मोहन बिन्द शामिल रहे।
