देवल संवाददाता, आजमगढ़। सिधारी थाना पुलिस ने घर से लापता हुए दो किशोरों को 24 घंटे के अंदर गोरखपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों किशोरों के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता के लिए आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, मुहम्मदल्ला गांव निवासी संजय कुमार ने 14 अक्टूबर को सिधारी थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका करीब 12 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार घर से निबी स्थित नौरंग इंटर कॉलेज में पढ़ने के लिए निकला था, लेकिन विद्यालय नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा संख्या 421/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) में अभियोग दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। गुरुवार 15 अक्टूबर को उपनिरीक्षक शिवम द्विवेदी ने पुलिस टीम के साथ गोरखपुर रेलवे स्टेशन से दोनों किशोरों को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामद किशोरों की पहचान आर्यन कुमार (12) पुत्र संजय कुमार, निवासी मुहम्मदल्ला, थाना सिधारी और आकाश राजभर (14) पुत्र उमेश राजभर, निवासी निबी, थाना रानी की सराय, आजमगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामदगी में कांस्टेबल अखिलेश कुमार गौंड और रिजर्व कांस्टेबल इरफान खान भी शामिल रहे। दोनों किशोरों की सकुशल वापसी पर परिजनों ने आजमगढ़ पुलिस को धन्यवाद दिया।
