कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के भौंरा गांव में रविवार को उस समय मातम छा गया, जब सुबह से लापता 13 वर्षीय किशोर कृष्णा मौर्य का शव गांव के तालाब में मिला। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बेटे का शव देखकर मां सुनीता देवी बेसुध हो गईं, जबकि छोटे भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भौंरा गांव निवासी गंगाराम मौर्य का पुत्र कृष्णा रविवार की सुबह से लापता था। उसके अचानक गायब होने से परेशान परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। परिवार को उम्मीद थी कि कृष्णा सकुशल मिल जाएगा, लेकिन गांव के तालाब में उसका शव मिलने की सूचना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ तालाब के पास जुट गई। कृष्णा तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी छोटी बहन नेहा मौर्य और छोटा भाई यश मौर्य हैं। परिवार के लाड़ले बेटे की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बड़े भाई को खोने वाले नेहा और यश भी गहरे सदमे में हैं। घर में मची चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों को बिलखता देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। किशोर तालाब तक किनपरिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। महज 13 वर्ष की उम्र में कृष्णा की मौत से गांव में शोक का माहौल है। परिजन और ग्रामीण घटना की परिस्थितियां स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं।
